दिघलबैंक :- करोड़ो की लागत से सरकार की महत्वाकांक्षी योजना खुले में शौच से मुक्ति अत्यंत ही प्रशंसनीय है।ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी योजना पहली बार इतने व्यापक स्तर पर चलाया गया है जिसके तहत पहले पंचायतों,प्रखंडों और बाद में जिलों को ओडीएफ घोषित होना है।इस अभियान को और बल देने के लिए सरकार ने लाभुकों को 12000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान कर रही है।कुल मिलाकर अगर कहा जाए तो इस अभियान को किसी भी कीमत पर सफल बनाने के लिए सरकार पूर्णतः संकल्पित है।किन्तु इस अभियान रूपी कथा का क्लाइमैक्स कुछ और ही सामने आ रहा है।एक लाइन की बात कहूँ तो लोग अब भी खुले में शौच करना पसंद करते हैं।ख़ासकर ग्रामीणों क्षेत्रों की बात की जाए तो शौचालय सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गयी है।साहेब् लोग जल्दी अवार्ड लेने और देने के चक्कर मे अभियान को हिट बनाने की बजाय फ्लॉप बना गए।असल चीज़ अबतक लोगों के अंदर ना आ पाई है।वह है जागरूकता।गाजे-बाजे के साथ शिक्षा कर्मियों,प्रखंड कर्मियों व अन्यों को इस कार्य मे लगाया तो जरूर गया था,किन्तु जनता तो जनार्दन है।कहाँ किसकी सुनती हैं।इसका एक बड़ा कारण शौचालय निर्माण में अनियमितता भी हो सकती है।कुछ ही महीनों में इनका हाल एक दम बेकार हो गया है।टंकियों की बात की जाय तो थोड़ी सी ठेस में ही चूर चूर हो जाए।इसकी गहराई भी मुश्किल से 2-3 हाथ ही होगी।इससे साफ साफ पता चलता है कि कितनी अधिक अनियमितता बरती गयी है।कुछ लोग यह सोच कर भी नही जा रहे हैं कि कही पिद्दी सी टंकी जल्दी ना भर जाए।सरकार के द्वारा दिये गए 12000 कि लॉलीपॉप भी कहीं ना कहीं ऐसे शौचालय बनाने के लिए लोगो को मजबूर कर गया।किसी तरह उसी राशि को लगाकर निर्माण कराना लोगों की मंशा बन गयी थी,ताकि पॉकेट से एक पैसा खर्च ना हो।बिचौलिए भी 2000 की मलाई चपत करने के चक्कर मे लोगों की सोच और खुले में शौच दोनों को बढ़ावा देते गए।परिणाम आपके सामने है।स्थिति जस की तस बनी पड़ी है।पंचायतों के ओडीएफ घोषित होने के बाद कोई अफसर झांकने तक नही आते हैं कि लोग वाकई में शौचालय का प्रयोग कर रहे हैं या नही?अभी भी सच्चाई यही है कि करीब 50-60 फीसदी लोग बाहर ही हल्का होने का शौक रखते हैं।गंभीर विषय यह है कि सरकारी खजाने से इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बाद भी कुछ ही लोगो के अंदर जागरूकता आई है।सरकार को इस और ध्यान देते हुए गंभीरता से सोचकर कोई कदम उठाना चाहिए ताकि स्वच्छ भारत का सपना पूरा हो सके।
Tags:
Dighalbank