मध्य प्रदेश में सरकार गठन पर बीजेपी का मंथन, राजस्थान में पायलट-गहलोत के बीच रस्साकशी शुरू!

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में वोटों की गिनती जारी है. छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अब तक आए रुझानों में कांग्रेस आसानी से बहुमत हासिल करती दिख रही रही है। वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के रुझानों से गदगद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित पार्टी हेडक्वार्टर के बाहर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। हालांकि ये शुरुआती रुझान हैं और थोड़ी देर में अंतिम नतीजे स्पष्ट होने शुरू हो जाएंगे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों को लेकर अब तक आए रुझान में कांग्रेस 66 सीटों के साथ आसानी से बहुमत हासिल करती दिख रही है, जबकि बीजेपी महज 17 सीट पर आगे चल रही है, वहीं 7 सीटों पर अन्य उम्मीदवारों को बढ़त है।

तेलंगाना के विधानसभा चुनाव की बात करें तो यहां सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति 91 सीटों पर बढ़त के साथ तो दो-तिहाई बहुमत हासिल करती दिख रही है। वहीं कांग्रेस को 119 सदस्यीय विधानसभा में महज़ 19 सीटों पर बढ़त प्राप्त है। उधर मिजोरम के शुरुआती रुझान में मिजो नेशनल फ्रंट 25 सीटों पर आगे चल रही है।

राजस्थान में अब तक आए 199 सीटों के रुझान में कांग्रेस 101 सीट पर बढ़त के साथ बहुमत हासिल कर दिख रही है, जबकि बीजेपी 76 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटों के रुझान में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। बीजेपी यहां फिलहाल 111 सीटों पर आगे चल रही है, तो वहीं कांग्रेस को 100 सीटों पर बढ़त हासिल है।

राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच खींचतान शुरू होती दिख रही है। अशोक गहलोत ने सीएम पद के सवाल पर कहा कि नेताओं को पद की लालसा नहीं करनी चाहिए। उन्हें जनता, कांग्रेस कार्यकर्ता और विधायकों की भावना का सम्मान करना चाहिए। गहलोत के इस बयान को सचिन पायलट के लिए इशारे की तरह देखा जा रहा है। शायद यही वजह है कि सचिन पायलट ने आठ निर्दलीयों को बातचीत के लिए बुलावा भेजा है। हालांकि ऐसे संकेत हैं कि राजस्थान में आगे चल रहे 10 निर्दलीय विधायक गहलोत को समर्थन दे सकते हैं।

          LOCAL NEWS GROUP

Post a Comment

Previous Post Next Post