मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हो चुके हैं. कांग्रेस को यहां 114 सीटें मिली हैं. जबकि भाजपा 109, बीएसपी 2 और अन्य 5 सीटों पर सिमट गई हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि पार्टी बहुमत हासिल कर चुकी है और सरकार बनाने जा रही है. कांग्रेस आज सुबह 10.30 बजे राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है. वहीं आज शाम 4 बजे विधायक दल की बैठक होने जा रही है. मुमकिन है कि इसी बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी. बैठक में कमलनाथ के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा मौजूद रहेंगे.
कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने देर रात मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पीसीसी में मीडिया से चर्चा में कहा कि हमारे पास सरकार बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा है. हमारे साथ निर्दलीय, बसपा और सपा का भी समर्थन है. हमने राज्यपाल महोदय से मिलने का समय मांगा है. हम उनसे मिलकर बहुमत का आंकड़ा उन्हें बताकर कांग्रेस को सरकार बनाने के लिये आमंत्रित करने का आग्रह करेंगे.
सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी के जीते हुए प्रत्याशी ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया है. वहीं कांग्रेस के तीन बागी विधायक वापस पार्टी में शामिल होंगे. लिहाज़ा कांग्रेस को उम्मीद है कि बहुमत का स्पष्ट आंकड़ा उसे हासिल हो जाएगा.
LOCAL NEWS GROUP