किशनगंज :- बुधवार को अपने विभिन्न मांगों के समर्थन में प्रखंड के सभी राष्ट्रीयकृत बैंक हड़ताल पर रहे। जिससे बैंक ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्व निर्धारित बैंक हड़ताल के बावजूद बैंक ग्राहकों का बैंक पहुंचना शुरू हो गया। लेकिन बैंक के मुख्य द्वार पर ताला लटका होने के कारण ग्राहकों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र से आये किसान सहित छोटे व्यापारियों को हड़ताल के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। बैंक से राशि नहीं निकाल पाने से किसान गेहूं की खेती में विलंब होते देख सस्ते दर पर खुले मार्केट में धान बेचने पर मजबूर हो गए। वही कुछ लोगो के परिजन रोजी रोटी के लिए बाहर से कमा कर रूपया भेजने के बाद भी बैंक से राशि नहीं निकाल पाने से उसकी परेशानी स्पष्ट चेहरे पर दिख रही थी। विदित हो कि 21 दिसम्बर को बैंक हड़ताल के बाद बीते शनिवार को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद था। वहीं रविवार को छुट्टी के बाद सोमवार को बैंक जरूर खुली थी। पर जानकारी के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के अधिकांश लोग रूपया निकाल नहीं पाए। वहीं 25 दिसम्बर को क्रिसमस की छुट्टी के कारण बैंक बंद रहा। जबकि 26 को पुन: हड़ताल रहने के कारण सभी बैंक बंद रहे। अब गुरूवार को बैंक अपने नियम समय पर खुलेगा।
Tags:
Business