केरल तट पर मानसून की दस्तक के साथ ही देश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी का कहर जारी है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में तो तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के भी पार जा चुका है। देश के अन्य हिस्सों में मानसून के पहुंचने पर ही लोगों को बढ़ते तापमान से राहत मिलेगी।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि करीब एक सप्ताह में केरल से होते हुए देश के अन्य हिस्सों में मानसून पहुंचेगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), हरियाणा और पंजाब में 11 जून के बाद ही प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी, जब पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होगी। वहीं, पूर्वोत्तर में मौसम की स्थिति मानसून के अनुकूल होने से असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश के आसार हैं।
उत्तर भारत में हीटवेव का सितम जारी है। राजस्थान के चुरू में शनिवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा, बीकानेर और बाड़मेर में भी पारा 47 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश के झांसी में दिन का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री रहा, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हीटवेव जारी रहने का अलर्ट जारी किया है।
Tags:
Weather
