17वें लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में 19 मई को आठ राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होगा। इनमें पंजाब की सभी 13, हिमाचल प्रदेश की सभी चार, उत्तर प्रदेश की शेष 13, बिहार की आठ, झारखंड की तीन, मध्य प्रदेश की आठ और पश्चिम बंगाल की शेष नौ सीटों पर वोट पड़ेंगे। संघ शासित चंडीगढ़ की एकमात्र सीट भी शामिल है। 23 मई की तिथि मतगणना के लिए निर्धारित है।
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उम्मीदवारी की वजह से उत्तर प्रदेश में आखिरी चरण का मतदान महत्वपूर्ण हो गया है। इस चरण में पूर्वांचल की ही अधिकांश सीटें हैं, जिनमें 2014 में भाजपा ने बाजी मारी थी। इसलिए उसने इस चरण के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई रैलियां कर चुके हैं। इसी चरण में दो मंत्री भी चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदेश में इस चरण को निर्णायक लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।
गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से पांच बार लगातार सांसद रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा जुड़ी है। यहां उपचुनाव में सपा-बसपा के गठजोड़ ने सेंध मार दी थी। यही वजह है कि योगी ने अभिनेता से नेता बने भाजपा प्रत्याशी रवि किशन के लिए पूरी ताकत लगा रखी है। इस बार गठबंधन ने रामभुआल निषाद को टिकट दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी मधूसूदन त्रिपाठी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। गाजीपुर में संचार व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा जातिवादी चक्रव्यूह में फंसे हैं।
भाजपा ने मौजूदा सांसद राजेश पांडेय का टिकट काट विजय दुबे को उम्मीदवार बनाया है। 2009 में कांग्रेस के टिकट पर जीत कर मनमोहन सरकार में मंत्री बने आरपीएन सिंह फिर से मैदान में हैं। 2014 में हार चुके आरपीएन सिंह की मुश्किलें सपा के नथुनी प्रसाद कुशवाहा बढ़ा रहे हैं। कभी वाम दलों का गढ़ रहे घोसी में इस बार भाजपा के लिए कमल खिलाना आसान नहीं है। भाजपा ने सांसद हरिनारायण राजभर पर विश्वास जताते हुए फिर मैदान में उतारा है।
वहीं गठबंधन की ओर से बाहुबली मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाने वाले अतुल राय बसपा उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान को उतारकर मुकाबल त्रिकोणीय बना दिया है। मीरजापुर में केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सोनेलाल) की उम्मीदवार अनुप्रिया पटेल त्रिकोणीय लड़ाई में फंसी हैं। इस बार गठबंधन ने सपा के टिकट पर भदोही से भाजपा सांसद रामचरित्र निषाद को उतारा है तो कांग्रेस ने फिर ललितेश त्रिपाठी पर दांव लगाया है। महाराजगंज, बांसगांव और रॉबट्र्सगंज सहित 13 सीटों पर वोट पड़ेंगे।
Tags:
Election
